कैथल में एक ही रात में फसल अवशेष जलाने के चार मामले सामने आए हैं। किसान रात के अंधेरे में फसल के अवशेषों को आग के हवाले कर रहे थे। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपी किसानों के खिलाफ विभिन्न थानों में केस दर्ज कर लिया है। कृषि विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने किसानों के खिलाफ यह कार्रवाई की है। पहले मामले में गांव कुतबपुर निवासी किसान सताल के खिलाफ सदर थाना में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि किसान ने रात को फसल के अवशेषों में आग लगाकर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 का उल्लंघन किया है। कृषि विभाग की सुपरवाइजर रविता की शिकायत पर आरोपी किसान के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दूसरे मामले में गांव बड़सीकरी निवासी कपिंद्र के खिलाफ कलायत थाना में केस दर्ज किया गया है, जिसकी शिकायत कृषि विभाग कलायत के सुपरवाइजर अजय कुमार ने दी थी। तीसरे मामले में गांव देवबन निवासी कुलदीप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिस पर नियमों को दरकिनार कर फसल अवशेष जलाने का आरोप है। चौथे मामले में पुलिस ने गांव जाखौली निवासी इलु राम के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसकी शिकायत कृषि विभाग के अधिकारी सुनील कुमार ने तितरम थाना में दर्ज करवाई। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि सभी मामलों में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Source: Source