मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज पल्ला नूंह में टीचर्स की 38 दिन से जारी हड़ताल और छात्रों की भूख हड़ताल का मुद्दा लगातार चर्चा में है। इसको लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक आफताब अहमद ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर छात्रों और शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। उन्होंने सीएम को लिखा पत्र देते हुए इस मुद्दे पर हस्तक्षेप कर कालेज स्टाफ और छात्रों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने को कहा। कॉलेज में टीचिंग-नॉन टीचिंग स्टाफ की संख्या करीब 100 है और करीब 700 स्टूडेंट्स हैं। टीचर्स 38 दिन से हड़ताल और 2 स्टूडेंट्स 8 दिन से भूख हड़ताल पर हैं, जिनकी तबीयत बिगड़ रही है। कॉलेज स्टाफ की मांग है कि उन्हें नियमित रूप से वेतन मिले। स्टाफ का डीए 2018 से बंद है, इसलिए डीए एरियर के साथ देने की मांग भी है। हड़ताली स्टाफ का कहना है कि कॉलेज कर्मियों को अभी तक छठे वेतन आयोग के तहत तनख्वाह दी जा रही है और उन्हें हरियाणा वक्फ बोर्ड के कर्मचारियों की तरह सातवें वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। कॉलेज में टीचिंग स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठ रहा है और मांग की जा रही है कि पर्याप्त शिक्षक रखे जाएं तथा हाल में निकाले गए गेस्ट व कांट्रैक्चुअल टीचर्स को वापस लिया जाए। छात्र कॉलेज भवन और छात्रावास के रखरखाव व मरम्मत की मांग भी कर रहे हैं।

Source: Source