मोहाली के एयरपोर्ट रोड से सटे गांव बलियाली की मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षद के पति से 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह चहल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरजू ने उन्हें धमकी दी है। गुरप्रीत सिंह के मुताबिक 4 अक्टूबर को वह फेज-9 के हॉकी स्टेडियम में मैच देख रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। शाम करीब साढ़े 6 बजे उनके बेटे के पास विदेशी नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा आरजू बताते हुए 2 करोड़ रुपए तैयार रखने को कहा और रकम नहीं देने पर गुरप्रीत सिंह को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह AAP कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी मौजूदा पार्षद हैं। एयरपोर्ट रोड पर गांव बलियाली क्षेत्र में उनकी पुश्तैनी जमीन है, जिसकी देखभाल वह और उनका बेटा करते हैं। बलौंगी थाना पुलिस ने आरजू समेत तीन लोगों के खिलाफ BNS की धारा 308(4) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Source: Source