लुधियाना के थाना मेहरबान क्षेत्र की मतेवाड़ा पुलिस चौकी के कर्मचारियों पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने तथा उसका मोबाइल फोन व नकदी छीनने के आरोप लगे हैं। गांव रोड़ निवासी पीड़ित बलविंदर सिंह ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बलविंदर सिंह ने बताया कि वह अपने भतीजे के साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज करवाने के लिए सुबह करीब 10 बजे मतेवाड़ा चौकी पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें कई घंटे तक चौकी में बैठाए रखा और रात करीब 8 बजे छोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मचारियों ने उनके कपड़े उतारकर प्राइवेट पार्ट पर डंडों से वार किए तथा उनका मोबाइल फोन और 27 हजार रुपए की नकदी भी छीन ली, जो वापस नहीं की गई। चौकी से छूटने के बाद बलविंदर सिंह ने 12 नवंबर को सिविल अस्पताल पहुंचकर अपना मेडिकल करवाया। थाना मेहरबान के एसएचओ ने कहा कि यह प्रकरण अभी उनके संज्ञान में नहीं है और वह शाम 5 बजे थाने पहुंचने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू करेंगे। Source: Source Post navigation पंचकूला में बाइक डिवाइडर से टकराई: युवक की मौत, ड्यूटी के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा, एक बच्चे का था पिता असम में तिहरा हत्याकांड: युवक ने पिता और दो नाबालिग भाइयों की हत्या की, मां और एक भाई गंभीर रूप से घायल