सरगुजा और सूरजपुर जिले में छह महीने से दहशत का पर्याय बने कबरा हाथी के साथ 18 हाथियों के विचरण के कारण उदयपुर ब्लॉक के 20 स्कूलों में सोमवार को छुट्टी कर दी गई। कबरा हाथी को पकड़ने का वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन चौथे दिन भी जारी है। अब तक 19 लोगों की जान ले चुका कबरा ने नवंबर में ही 9 लोगों को मौत के घाट उतारा है। वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अकेले विचरण करने वाला लोनर हाथी अब 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है। 18 हाथियों का दल सोमवार को तेंदूटिकरा और सरमा के जंगल में पहुंच गया है। वन विभाग लगातार हाथियों के दल को ट्रेक कर रहा है। चौथे दिन भी कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज करने के लिए टीम जंगल में घुसी है। बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम दो कुमकी हाथियों के साथ सर्चिंग कर रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोकने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। हाथी को ट्रैंकुलाइज कर पहले बेहोश किया जाएगा, फिर रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। शिक्षा विभाग ने बेलढाब, चकेरी, आमाडुगू, सरमा, बासेन, मोहनपुर और दावा के स्कूलों में छुट्टी दी है। वन विभाग ड्रोन से हाथियों की निगरानी कर रहा है।

Source: Source