रेवाड़ी शहर के बाल भवन में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि जमाबंदी के रिकॉर्ड में हिस्सेदारों के नाम गलत दर्ज कराने और सोसायटी में काम की अदायगी से जुड़ी शिकायतों पर अब लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जांच में सहयोग नहीं करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कराई जाएगी। मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को यह सख्त निर्देश दिए। बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 9 का निपटारा कर दिया गया, जबकि 4 मामलों में जांच कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। गांव पीवरा में जमाबंदी की मलकीयत में हिस्सेदारों के नाम गलत दर्ज करवाने की शिकायत पर मंत्री ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने एसडीएम बावल संजीव कुमार की अध्यक्षता में पूरे रिकॉर्ड की जांच कराने और आगामी बैठक में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव कलवाड़ी निवासी अमर सिंह जांगड़ा की सोसायटी में किए गए काम की अदायगी नहीं होने की शिकायत पर भी मंत्री ने सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि जांच में सहयोग नहीं करने वाले संबंधित हिस्सेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। राधा कृष्ण सोसायटी सुठानी के निवासियों ने शिकायत रखी कि पिछली बैठक में आदेश दिए जाने के बावजूद उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिले हैं। इस पर मंत्री ने बिजली निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। बिजली निगम के एक लाइनमैन पर मीटर लगवाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत पर मंत्री ने ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों को शामिल कर जांच कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवैध कब्जों से जुड़े परिवादों पर भी अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। बैठक में रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। किसी भी समस्या को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। बैठक में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, परिवार पहचान पत्र स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल, धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा, डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, एएसपी दीपिका अग्रवाल, रेवाड़ी एसडीएम दलबीर सिंह, बावल एसडीएम संजीव कुमार और सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे। Source: Source Post navigation बठिंडा में निगम की जेसीबी के आगे बैठा कांग्रेसी पार्षद, सिरकी बाजार में कार्रवाई का विरोध; अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप गुरदासपुर जेल की व्यवस्थाएं जांचने पहुंचे जिला जज, कैदियों का खाना चखा; बैरकों का निरीक्षण कर सुनीं समस्याएं