चक्रवाती तूफान अकवान के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम घने बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार दोपहर बाद सरगुजा संभाग के अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में सरगुजा जिले में 17.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी शनिवार व रविवार को भी संभाग के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश होगी। मौसम में बदलाव के कारण 24 घंटे में न्यूनतम तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक पहुंच गया है। बेमौसम बारिश का असर धान की कटाई, मिंजाई और धान खरीदी पर भी पड़ा है। सोमवार से बादल छंटने की उम्मीद है। अकवान के कारण पूरे सरगुजा संभाग में रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार दोपहर बाद कई स्थानों पर बारिश हुई। बीती रात संभाग में रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने शनिवार को भी संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। सरगुजा और बलरामपुर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच सरगुजा में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी थी। गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया था। पाट क्षेत्रों में यह 7 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम में बदलाव के बाद शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान बढ़कर 16.6 डिग्री हो गया। वहीं शनिवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री के आसपास बने रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार से बादल छंटने लगेंगे। मौसम साफ होने के बाद ठंड की वापसी होगी। मौसम में बदलाव के बाद मैनपाट समेत अन्य पाट क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। इससे मौसम सुहाना हो गया है। पूरे पाट क्षेत्र में बादलों की चादर छाई हुई है। बेमौसम बारिश का सीधा असर धान खरीदी पर पड़ा है। शुक्रवार दोपहर बाद से हो रही बारिश के कारण धान खरीदी बंद हो गई है। शनिवार को भी समितियों में धान खरीदी बंद कर दी गई है। हालांकि सरगुजा में अभी ज्यादा धान समितियों में नहीं पहुंचा है। खरीदे गए धान को भी पानी से बचाने के लिए ढंक दिया गया है। बारिश के कारण कटा धान पूरी तरह से भीग गया है। वहीं तैयार खड़ी फसल को फिर से सूखने में तीन से चार दिन लगेंगे। इसके कारण कटाई पूरी तरह से रुक गई है। कृषि विभाग के अनुसार जो फसल नहीं कटी है, उसे ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा। सरगुजा के मैनपाट में टाउ की फसल को भी कुछ नुकसान होने की आशंका है। टाउ की फसल पूरी तरह फूल चुकी है। ऐसे में किसान मौसम को लेकर चिंतित हैं। धान व टाउ की फसल को छोड़कर अन्य फसलों को पानी से फायदा होगा।

Source: Source