दुर्ग में मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए कारोबारी को धमकी दी। उसने कहा कि पैसे नहीं दिए तो घर के एक सदस्य को उड़ा देंगे। परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने दुर्ग कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक शशांक चोपड़ा के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया था। कॉल करने वाले ने उनसे 15 करोड़ रुपए की मांग की। उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए रकम नहीं देने पर परिवार के सदस्य को जान से मारने की धमकी दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। कारोबारी के घर के बाहर पुलिस की टीम तैनात है। परिवार की सुरक्षा के साथ ही धमकी देने वाले व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस फोन करने वाले का मोबाइल नंबर, कॉल की जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता से इनकार किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फोन किसने किया था और फिरौती मांगने के पीछे उसका मकसद क्या है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी देने वाले का वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या उसने केवल गैंग का नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की है। शशांक चोपड़ा मोक्षित कॉर्पोरेशन के निदेशक बताए जाते हैं। उनकी फर्म मेडिकल उपकरण, जांच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य स्वास्थ्य संबंधी सामान की सप्लाई का काम करती है। उनका नाम छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरण और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था। इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने जनवरी 2025 में मामला दर्ज किया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय ने भी धन के लेनदेन की जांच शुरू की। जांच एजेंसियों ने खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इस मामले में शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार भी किया गया था। बाद में उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिली। Source: Source Post navigation SSC कांस्टेबल परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, सिस्टम हैक कर 3,777 अभ्यर्थियों के पेपर हल कराने का आरोप; 15 गिरफ्तार अग्निवीरों का डेटा लीक? दिल्ली पुलिस ने 14 साल के किशोर को किया हिरासत में, डार्कवेब पर बेच रहा था डेटा