पानीपत के सनौली रोड स्थित विद्यानंद कॉलोनी में 24 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी कालीरमण के रूप में हुई है। वह पानीपत की एक कंबल फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर था। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने हालात पर सवाल उठाते हुए उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि कमरे में जिस हालत में शव मिला और फंदा जिस तरह से लगाया गया था, उससे मामला आत्महत्या का प्रतीत नहीं होता। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के जीजा महेंद्र ने बताया कि सूचना मिलने पर वे सुबह कालीरमण के कमरे पर पहुंचे थे। उस समय कमरे का गेट खुला हुआ था। कालीरमण फंदे पर था, लेकिन उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे। महेंद्र के अनुसार फंदा भी सामान्य तौर पर आत्महत्या के लिए लगाए जाने वाले फंदे जैसा नहीं था। वह ऐसा था, जिसे कोई व्यक्ति खुद भी आसानी से निकाल सकता था। कमरे के आसपास रहने वाले अन्य किराएदार भी मौके पर नहीं मिले। सभी अपने कमरे बंद करके जा चुके थे। महेंद्र ने बताया कि कालीरमण पांच साल पहले रोजगार की तलाश में हरदोई से पानीपत आया था। वह कंबल फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर का काम करता था और अभी अविवाहित था। परिवार में उसके पांच भाई और तीन बहनें हैं। वह भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों ने कमरे की परिस्थितियों और फंदे की स्थिति को संदिग्ध बताते हुए कालीरमण के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Source: Source