छत्तीसगढ़ के आरंग रेलवे स्टेशन के साइडिंग एरिया में सीमेंट बनाने के कच्चे मटेरियल की लोडिंग-अनलोडिंग शुरू होने के बाद स्थानीय रहवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। आरोप है कि रेलवे साइडिंग का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है और न ही स्थानीय नागरिकों को इसकी पूर्व सूचना दी गई। इसके बावजूद यहां से मालगाड़ियों के जरिए कच्चा मटेरियल बाहर भेजा जा रहा है। लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान उड़ने वाली धूल आसपास की रिहायशी कॉलोनियों तक पहुंच रही है। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत है। कॉलोनीवासियों ने इस मामले को लेकर पर्यावरण विभाग से लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) तक शिकायत दर्ज कराई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना अनुमति और बिना सूचना शुरू हुई इस लोडिंग-अनलोडिंग से उनके स्वास्थ्य और आसपास के पर्यावरण पर बुरा असर पड़ रहा है।

Source: Source