कोरबा के महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह करीब 8 फीट लंबा अजगर घुस गया। उसे देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर RCRS की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग ने उसे जंगल में छोड़ दिया। वर्कशॉप खुलने के बाद सोमवार सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कोने में अजगर को देखा। इसके बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने दूर से उस पर नजर रखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद वन विभाग और RCRS (रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी) को सूचना दी गई। RCRS सदस्य उमेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले लोगों को अजगर से दूर किया और फिर रेस्क्यू शुरू किया। उमेश यादव ने बिना किसी उपकरण को नुकसान पहुंचाए और अजगर को चोट पहुंचाए बिना उसे काबू कर लिया। करीब 20 मिनट में रेस्क्यू पूरा हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया। RCRS टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप और अजगर भोजन या ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं। टीम ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि उससे दूरी बनाए रखें और वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Source: Source