लुधियाना के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। पुलिस कमिश्नरेट पहुंचने पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुलिस टुकड़ी ने उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने नशा तस्करी और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का ऐलान किया। नए सीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री और डीजीपी के निर्देशानुसार पंजाब को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने लुधियाना पुलिस की मौजूदा टीम की सराहना करते हुए बेहतर प्रदर्शन का भरोसा दिलाया। सतिंदर सिंह ने शहर को सुरक्षित बनाने के लिए आम जनता से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने कुर्बानियां देकर राज्य से आतंकवाद का खात्मा किया है और वह आज भी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस के पास सक्षम अधिकारी और अनुभवी जवान हैं, जो कानून-व्यवस्था मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। थानों के कामकाज और पुलिस बल की तैनाती को लेकर उन्होंने कहा कि अभी कार्यभार संभालने के बाद आगे की रणनीति पर काम किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाएंगे और जनता को जमीनी स्तर पर बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

Source: Source