भिलाई इस्पात संयंत्र में कथित लोहा चोरी का मामला अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से CBI जांच की मांग की थी। गृह मंत्री की ओर से मिले जवाब में बताया गया कि विधायक का पत्र आवश्यक कार्रवाई के लिए इस्पात मंत्रालय को भेज दिया गया है। जवाब में CBI जांच शुरू करने या मामला CBI को सौंपने का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। विधायक रिकेश सेन का दावा है कि जल्द ही मामले में CBI की जांच शुरू होगी। उन्होंने जांच में बड़े प्रभावशाली लोगों की भूमिका सामने आने का दावा किया है। मामले की शुरुआत 26 मई को दुर्ग पुलिस द्वारा करीब 250 टन BSP का लौह स्क्रैप बरामद करने से हुई थी। पुलिस के अनुसार स्क्रैप को फ्लू डस्ट की आड़ में प्लांट से बाहर भेजा जा रहा था। जांच में वाहनों के GPS और नंबर प्लेट बदलने जैसी कथित अनियमितताएं भी सामने आई थीं। पुलिस की जांच बाद में BSP के अंदर तक पहुंची और दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बाद में 17 तक पहुंच गई। 2 अगस्त को स्क्रैप कारोबारी और भाजपा नेता भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। मामले में BSP सुरक्षा में तैनात सात CISF जवानों के निलंबन की बात भी सामने आई थी। विधायक ने प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति समेत कई स्तरों पर CBI जांच की मांग की है।

Source: Source