करनाल के निगदू क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक ने तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसा नीलोखेड़ी पुलिया से करीब दो किलोमीटर आगे हुआ। दुर्घटना में निगदू निवासी 28 वर्षीय अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के समय अंकित अंबाला रेलवे स्टेशन से अपने साथी को छोड़कर घर लौट रहा था। स्टेशन से लौटते वक्त बाइक ने अंकित समेत तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में अंकित को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। अंकित मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसके चार बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस बाइक चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Source: Source