रेवाड़ी के रामपुरा में आधी रात नकाबपोश बाइक और स्कूटी सवारों द्वारा घर पर बीयर की बोतल फेंकने का मामला सामने आया है। घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोपहिया वाहनों पर सवार लोग कुछ फेंकते दिखाई दे रहे हैं। परिवार के अनुसार विवाद 20 अगस्त को महिला से कथित दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ के बाद शुरू हुआ था। महिला का आरोप है कि प्लाट जाते समय कुछ युवकों ने उसे पकड़कर कपड़े फाड़े और उसके साथ अभद्रता की। महिला के चाचा ससुर के मौके पर पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तौर पर नुकीले हथियारों से हमला किया। घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का दावा है कि शिकायत के बावजूद उन्हें तीन दिनों तक पुलिस थाने के चक्कर लगाने पड़े। परिजनों ने पुलिस पर शिकायत सुनने के बजाय आरोपियों के साथ उन्हें भी थाने में बैठाने का आरोप लगाया है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि तीन लोगों को रातभर थाने में रखा गया और खाने के नाम पर 300 रुपए लिए गए। एक पड़ोसी युवती के साथ भी पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है। परिवार का कहना है कि लगातार हमलों और धमकियों के कारण आसपास के लोगों में डर का माहौल है। रामपुरा थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों से शिकायत मिलने की बात कही है। पुलिस अधिकारी के अनुसार दोनों पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है और लगाए गए आरोपों को निराधार बताया गया है।

Source: Source