करनाल में दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है। पानीपत के एक युवक ने आरोप लगाया कि एक युवती ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क किया और क्लब की सदस्यता समझाने के बहाने होटल में बुलाया। इसके बाद युवती ने महिला थाने में उसके खिलाफ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने की शिकायत दे दी। युवक का आरोप है कि इसके बाद जोधबीर नामक व्यक्ति ने युवती के साथ मिलकर उसे समझौते के नाम पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और 4.5 लाख रुपये लेते हुए आरोपी जोधबीर को गिरफ्तार कर लिया। थाना सदर करनाल में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, पानीपत निवासी पीड़ित के पास लवप्रीत कौर नाम की युवती ने सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और बातचीत के दौरान उसे महिंद्रा क्लब में काम करने की बात कहकर करनाल के ईडन होटल में बुलाया। पीड़ित के अनुसार, 9 अक्टूबर की शाम लवप्रीत ने महिला थाने में उसके खिलाफ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने की शिकायत दी, जिसके बाद जोधबीर ने उसे बदनामी का डर दिखाकर 20 लाख रुपये में समझौता कराने की बात कही। पीड़ित ने बताया कि 11 और 12 अक्टूबर को जोधबीर ने होटल ज्वेल्स और एनडीआरआई गेट के पास बुलाकर 3 लाख रुपये देकर समझौता लिखवाया और बाकी 17 लाख रुपये बाद में देने का भरोसा दिया। पीड़ित के दोस्त अमृतपाल को साजिश की भनक लगी और उसने पैसे बांटने व युवक को फंसाने की बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली, जिसके बाद जोधबीर बाकी 10 लाख रुपये के लिए ब्लैकमेल करने लगा। पीड़ित की शिकायत पर डीएसपी महिला सुरक्षा मीना कुमारी की अध्यक्षता में टीम गठित की गई, जिसने 4.5 लाख रुपये के नोटों की फोटो कॉपी कराकर शिकायतकर्ता को झिलमिल ढाबा भेजा और पैसे लेते हुए जोधबीर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि लवप्रीत के खिलाफ भी मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Source: Source