कैथल के गुहला-चीका क्षेत्र में संभावित बाढ़ के खतरों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डीसी अपराजिता ने बताया कि सिंचाई विभाग ने सरोला साइफन के सभी 48 दर्रों की सफाई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिसमें लगभग 16 फुट गहरी गाद हटाई गई है। इस कार्य से हरियाणा और पंजाब के करीब 40 गांवों और वहां की कृषि भूमि को जलभराव से सुरक्षा मिलेगी। इस परियोजना से सरकार को लगभग 2 करोड़ रुपये का राजस्व भी प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी मानसून तैयारियों की समीक्षा की है। जिला प्रशासन ने घग्घर के बांधों को मजबूत करने के साथ ही मिट्टी का 20 हजार क्यूबिक मीटर का स्टॉक तैयार रखा है और आपातकालीन स्थिति के लिए जेसीबी व पॉकलेन मशीनें तैनात की हैं। शहरी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए नगर पालिकाओं को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं।

Source: Source