कैथल के गांव ककहेड़ी में करीब 32 वर्षीय विवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उसने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाई। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने उसके ससुर और चार ननदों पर उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मृतका के चाचा ने सीवन थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतका के चाचा गांव कुलवेड़ी जिला करनाल निवासी जगतार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी भतीजी किरण की शादी करीब 15 साल पहले कैथल के गांव ककहेड़ी में हुई थी। शादी के कुछ साल बाद एक एक्सीडेंट में किरण के पति की मौत हो गई। उसकी सास की भी मृत्यु हो चुकी है। वह अपने ससुर लखविंदर और चार ननदों के साथ वहां पर रह रही थी। किरण के एक बेटा और एक बेटी भी हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके ससुर और ननद उससे बार-बार मारपीट करते थे और घर का सारा काम करवा रहे थे। उसे बार-बार अपशब्द कहते थे। उनकी प्रताड़ना से तंग आकर किरण ने अपने कमरे में पंखे से फांसी का फंदा लगा लिया और उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके ससुर और ननदों की प्रताड़ना से तंग आकर किरण ने सुसाइड किया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सीवन थाना के जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source