कोरबा के बुधवारी बायपास मार्ग पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो ने एक्टिवा और बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय मासूम बच्चा और एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा सवार बच्चा उछलकर दूर जा गिरा, जबकि बाइक सवार सड़क पर लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों की हालत देख लोग आक्रोशित हो गए और बोलेरो में तोड़फोड़ कर दी। कुछ लोग वाहन में आग लगाने की तैयारी में भी थे। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार मासूम बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। बोलेरो में एनसीसी कैडेट्स के जवान सवार थे, जो किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर अतिक्रमण और गलत पार्किंग के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Source: Source