महेंद्रगढ़ जिला पुलिस ने मारपीट और गंभीर हमले के दो मामलों में एक नाबालिग को जांच में शामिल किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दोनों घटनाओं में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडे बरामद किए हैं। नाबालिग को कानूनी प्रावधानों के तहत अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे फरीदाबाद के बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पहले मामले में मोहनपुर निवासी विक्रम सिंह ने सदर नारनौल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार कुछ युवकों ने कैंपर गाड़ी में तोड़फोड़ की और मौके पर पहुंचे दो लोगों पर हमला किया। आरोप है कि हमले में डंडों और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया। पुलिस इस मामले में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में नाबालिग की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे नियमानुसार जांच में शामिल किया गया। दूसरे मामले में प्राणपुरा निवासी सुमित ने घर के बाहर मारपीट की शिकायत दी थी। हमले में गंभीर चोट लगने के बाद सुमित को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। इस मामले में भी पुलिस ने नाबालिग की संलिप्तता सामने आने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक दूसरे मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जिला पुलिस ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में बाल अधिकारों और कानूनी प्रावधानों का ध्यान रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

Source: Source