कोरबा पुलिस ने अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत की गई। पहले मामले में मुड़ापार बाजार के पास चिकन दुकान में गाली-गलौज करने से रोकने पर युवक ने दुकानदार पर कैंची से हमला कर दिया। घटना 8 अगस्त की बताई गई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान फैजान खान और निखिल थवाईत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के बताए स्थान से हमले में इस्तेमाल कैंची बरामद कर जब्त की है। दूसरे मामले में पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब बेचने के आरोप में झंगलू उरांव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से छह लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री से मिले 100 रुपये बरामद किए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 600 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

Source: Source