गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र के गांव घामड़ोज में तेंदुओं की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गांव के रिहायशी इलाके में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। तेंदुए के परिवार की यह गतिविधि गांव के एक आश्रम के पास लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों तथा मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात के समय एक दीवार के ऊपर से एक के बाद एक तीन तेंदुए नीचे की ओर आते हैं। इनमें एक मादा तेंदुआ और उसके दो शावक दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद तीनों आश्रम के पास रखी पानी की टंकी के नजदीक पहुंचते हैं। मादा तेंदुआ और उसके शावक पानी पीते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। कुछ देर तक इलाके में घूमने के बाद तीनों वहां से आगे बढ़ जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। गांव के इस इलाके में पिछले कुछ समय से लगातार तेंदुओं की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। अब मादा तेंदुआ के साथ दो शावकों की मौजूदगी सामने आने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए आबादी के बिल्कुल नजदीक बने आश्रम और आसपास के रिहायशी क्षेत्र में घूम रहे हैं। क्षेत्र में ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चिंता छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव घामड़ोज में तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तत्काल टीम भेजी जाए।

Source: Source