कांग्रेस के वरिष्ठ व्यापारी नेता अशोक बुवानीवाला ने करनाल और अंबाला में गृह मंत्री अमित शाह के प्रदर्शन को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अमित शाह कांग्रेस की एक नवंबर की रैली को व्यापारियों के लिए सही नहीं बता रहे थे, लेकिन वे खुद दिल्ली से हरियाणा आकर दिवाली के त्योहार पर प्रदर्शन करके व्यापारियों के लिए परेशानी खड़ी करके गए। बुवानीवाला ने कहा कि 24 घंटे पहले ही बाजारों में सुरक्षा के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों को परेशानी के नाम पर रैली रद्द कराने की बातें कहलवाई जा रही थीं। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा की अपनी रैली जायज है। उनका कहना है कि कांग्रेस की रैली से बौखलाहट में भाजपा आ गई है और रैली के नाम पर अराजकता फैला रही है। सुरक्षा कर्मियों ने 24 घंटे पहले शहर को बंधक बनाने जैसा काम किया। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र अब देश के सामने आ गया है। जब कांग्रेस लोकतंत्र बचाने और वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाती है तो उसे व्यापारियों का नुकसान बताया जाता है, लेकिन जब भाजपा के बड़े नेता खुद सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करते हैं तो क्या उससे त्योहारों के बीच व्यापारियों को परेशानी नहीं होती। उन्होंने कहा कि करनाल और अंबाला जैसे शहरों में बड़ा प्रदर्शन करके, सड़कें बंद करके और सुरक्षा के नाम पर रास्ते रोककर व्यापारियों का कितना नुकसान किया गया, इसका अंदाजा भाजपा को शायद नहीं है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के काफिले के कारण अंबाला और करनाल में घंटों तक ट्रैफिक जाम रहा, दुकानों के सामने भीड़ लगी रही और ग्राहक बाजार नहीं पहुंच पाए। जो छोटा व्यापारी दिवाली पर थोड़ा मुनाफा कमाना चाहता था, उसका धंधा चौपट हो गया।

Source: Source