ग्राम पंचायत करोटी ए से लगे जंगल में सोमवार शाम एक ग्रामीण का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान खैरा भघवीपारा निवासी 30 वर्षीय सुकुल पंडो के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार शव जंगल में जमीन के बेहद करीब लटका हुआ था। उसके गले में कपड़े का फंदा कसा हुआ था। घटना की जानकारी उस समय हुई जब कुछ ग्रामीण वहां से गुजर रहे थे। ग्रामीणों ने शव के पास मृतक की पत्नी को भी बैठे देखा। बताया गया कि पत्नी कई घंटे से शव के पास चुपचाप बैठी हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार वह नशे की हालत में थी और ठीक से बातचीत नहीं कर पा रही थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। देर शाम तक पुलिस के मौके पर पहुंचने की जानकारी नहीं थी। शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। मृतक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस को घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करनी होगी। मामले में शव की स्थिति और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source