SECL बैकुंठपुर क्षेत्र के झिलमिली स्थित TMC कंपनी के स्टोर में करीब 47 लाख रुपये के उपकरण चोरी हो गए। चोर तांबा और पीतल लगे महंगे सामान समेत करीब 27 उपकरण ले गए। चोरी हुए सामान का कुल वजन लगभग दो क्विंटल बताया गया है। स्टोर में मशीनों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण रखे हुए थे। घटना के बाद SECL ने स्टॉक का मिलान किया, जिसमें चोरी की जानकारी सामने आई। परियोजना प्रमुख श्यामल मोईती ने पटना थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को चोरी गए सामान की सूची भी सौंपी गई है। CCTV फुटेज की जांच में नकाबपोश चोरों की गतिविधियां सामने आई हैं। आरोपियों ने प्रोफाइल शीट उठाकर स्टोर में प्रवेश किया था। कुछ चोर पीछे की दीवार के पास पेड़ के रास्ते अंदर पहुंचे, जबकि अन्य बाहर निगरानी कर रहे थे। चोरी के अगले ही दिन 23 अगस्त की रात दो दर्जन से अधिक लोगों ने फिर स्टोर में घुसने की कोशिश की। सुरक्षा गार्ड की नजर पड़ते ही संदिग्ध मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के जंगल में तलाशी के दौरान दो लोहे की रॉड, एक चप्पल और चोरी हुआ सॉकेट बरामद किया। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। लगातार घटनाओं को देखते हुए कंपनी ने स्टोर की सुरक्षा बढ़ाने और बड़े वॉच टावर लगाने की जरूरत बताई है।

Source: Source