पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 61 NDPS मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पंजाब सरकार के ड्रग्स विरोधी अभियान के तहत की गई। तरनतारन के SSP सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया DIG फिरोजपुर रेंज स्नेहदीप शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुई। नशीले पदार्थों को नष्ट करने का काम ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में किया गया। इस दौरान NDPS अधिनियम और न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। नष्ट किए गए पदार्थों में 31.068 किलोग्राम हेरोइन, 4.450 किलोग्राम नशीला पाउडर, 1070 टैबलेट और 89 कैप्सूल शामिल थे। इसके अलावा करीब 2.692 किलोग्राम पैकिंग सामग्री भी नष्ट की गई। SSP ने कहा कि पुलिस ड्रग तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को देकर अभियान में सहयोग करें।

Source: Source