हरियाणा के नारनौल के नांगल चौधरी कस्बे में सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति ने शिकायत निवारण प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि मौके पर सफाई नहीं हुई, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण दिखाकर उसे बंद कर दिया गया। शिकायतकर्ता सुमेर यादव ने 15 अगस्त को शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत के साथ शौचालय की तस्वीरें और लोकेशन भी अपलोड की थी। 18 अगस्त को पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण दिखाया गया। निस्तारण के साथ साफ-सुथरे शौचालय की एक तस्वीर भी अपलोड की गई। शिकायतकर्ता ने 19 अगस्त को मौके पर जाकर स्थिति की जांच की तो वहां गंदगी पहले की तरह मौजूद मिली। उनका दावा है कि सफाई व्यवस्था में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई और रखरखाव नगर प्रशासन की जिम्मेदारी है। शिकायतकर्ता ने निस्तारण से पहले अधिकारियों द्वारा मौके पर सत्यापन की मांग की। नगरपालिका सचिव ललित गोयल ने कहा कि फोटो और रिपोर्ट की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source