नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के सिंगार गांव में रविवार सुबह एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। व्यक्ति गांव की वाल्मीकि चौपाल पर चारपाई पर सोया हुआ था। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जानकारी के अनुसार, सिंगार गांव निवासी 45 वर्षीय नरेश पुत्र तोताराम शनिवार रात को रोजाना की तरह गांव की वाल्मीकि चौपाल पर सोने गए थे। रविवार सुबह जब ग्रामीण चौपाल पहुंचे, तो नरेश को चारपाई पर मृत अवस्था में पाया। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी। सिर पर चोट के निशान मिले घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नरेश की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या की है। उन्होंने पुलिस से सभी पहलुओं से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है, क्योंकि मृतक की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। मामले की जांच कर रही पुलिस पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडीखेड़ा स्थित अलाफिया अस्पताल भेज दिया है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के संभावित साक्ष्यों की तलाश कर रही है। बिछौर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और हत्या की पुष्टि होने पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। Source: Source Post navigation प्रोफेसर से 1 करोड़ की साइबर ठगी नारनौल में पुलिसकर्मी का अपहरण करने वाला गिरफ्तार:वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद; 3 आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके