पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन जारी है। छात्र यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर बढ़ी फीस वापस लेने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने यूनिवर्सिटी का मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे कर्मचारियों और अन्य विद्यार्थियों को परिसर में प्रवेश करने में परेशानी हुई। छात्रों का आरोप है कि प्रशासन ने विभिन्न शुल्कों में बढ़ोतरी की है। उनका कहना है कि फीस बढ़ने का सबसे ज्यादा असर सामान्य और जरूरतमंद परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ेगा। दूरदराज के इलाकों से आने वाले छात्रों के परिवारों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की बात कही गई है। यूनाइटेड सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन के नेताओं ने फीस वृद्धि को छात्रों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला फैसला बताया। छात्र नेताओं के अनुसार, उन्होंने चार दिन पहले प्रशासन को अपनी आपत्ति से अवगत कराया था। उनका आरोप है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया। नेताओं ने चेतावनी दी कि फीस वृद्धि पूरी तरह वापस नहीं होने पर यूनिवर्सिटी में पक्का मोर्चा लगाया जाएगा। आंदोलन को किसान यूनियनों और अन्य संगठनों से भी समर्थन मिलने का दावा किया गया है।

Source: Source