पठानकोट में झपटमारों ने अपना तरीका बदल दिया है। अब बेखौफ लुटेरे बाइक छोड़कर कार में सवार होकर नेशनल हाईवे पर आधी रात को भी लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला थाना सदर पठानकोट के बहलोलपुर रोड पर सामने आया है, जहां तड़के के समय कार सवार अज्ञात लुटेरों ने एक किसान को मदद करने का दिखावा किया और फिर उससे मोबाइल और सोने की चेन छीन ली। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात झपटमारों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सदर पुलिस को दी गई शिकायत में गांव भोआ निवासी राजेश कुमार ने बताया कि तड़के करीब 2:30 बजे वे अपनी मूली की फसल ऑटो में लदवाकर खुद मोटरसाइकिल पर सवार होकर सब्जी मंडी पठानकोट जा रहे थे। जब वे बहलोलपुर मोड़ के पास पहुंचे तो लघुशंका के लिए रुके और उनके साथी ऑटो लेकर आगे निकल गए। इसी दौरान सामने की ओर से एक काले रंग की कार आई, जिसका नंबर अंधेरे के कारण शिकायतकर्ता नहीं देख पाया। कार चालक ने उसके पास आकर कार रोकी और शीशा नीचे करके राजेश से पूछा कि भाई साहब आपने कहां जाना है। लेकिन इससे पहले कि किसान जवाब देता, कार की दूसरी तरफ से एक अन्य युवक बाहर निकला। उसने आते ही शिकायतकर्ता की जेब में रखा मोबाइल फोन और गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और तुरंत कार में बैठकर मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआई सुरिंदर सिंह ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात लुटेरों का सुराग लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। Source: Source Post navigation सोनीपत में ट्रक ने बुजुर्ग महिला को मारी टक्कर: यमुना में स्नान के बाद मंदिर जा रही थी, 300 मीटर तक घसीटता ले गया जालंधर में दिल्ली पुलिस का हंगामा: फरार आरोपी की तलाश में महिला को थप्पड़, पुलिस की गाड़ी से शराब बरामद