पठानकोट के भोआ विधानसभा क्षेत्र में दशकों पुरानी लोगों की मांग अब पूरी होने जा रही है। जलालिया और शिंगारवां नालों पर दो नए पुल बनाए जाएंगे। इन दोनों पुलों के निर्माण पर 40.18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। परियोजना का काम अगस्त में शुरू करने की तैयारी है। इससे रावी पार के करीब 64 से 65 गांवों की एक लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। बरसात के दौरान जलभराव के कारण इन गांवों का संपर्क अक्सर प्रभावित होता था। पुल बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन के लिए लंबा वैकल्पिक रास्ता नहीं लेना पड़ेगा। मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी सुविधा होगी। किसानों को फसल, सब्जी और दूध मंडियों तक पहुंचाने में राहत मिलेगी। बारिश के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या भी कम होगी। क्षेत्र भारत-पाकिस्तान सीमा से सटा होने के कारण पुलों से सेना, बीएसएफ और पुलिस की आवाजाही भी सुगम होगी। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारुचक्क ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के टेंडर पूरे हो चुके हैं। संबंधित ठेकेदारों और कंपनियों को काम आवंटित कर जल्द निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

Source: Source