पंजाब के पठानकोट में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सिविल सर्जन के माध्यम से स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन सौंपा। CHO का कहना है कि सरकार और विभाग के साथ कई दौर की बैठकों के बावजूद उनकी मांगों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि मिशन डायरेक्टर, नेशनल हेल्थ मिशन पंजाब और राज्य के वित्त मंत्री के साथ हुई बैठकों में मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई थी, लेकिन समाधान नहीं हुआ। CHO ने स्पष्ट किया कि आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में ओपीडी और टीबी सेवाएं जारी रहेंगी, जबकि अन्य गतिविधियों का विरोध स्वरूप बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो 20 जुलाई को जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे और इसके बाद 22 जुलाई को संगरूर में राज्यस्तरीय रैली आयोजित की जाएगी। उनकी प्रमुख मांगों में नियमित ग्रुप-बी कैडर की मंजूरी, वेतन विसंगति दूर करना, लंबित राशि जारी करना, लॉयल्टी बोनस बहाल करना और इंसेंटिव व्यवस्था में सुधार शामिल हैं।

Source: Source