पलवल के हथीन में मंदिर के दानपात्र चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला वार्ड नंबर 10 स्थित लालदास मंदिर से जुड़ा है। घटना 4 अगस्त की बताई गई है। मंदिर के महंत सुरेश साध शाम करीब सात बजे मंदिर पहुंचे तो दानपात्र गायब मिला। CCTV फुटेज में दो युवक बाइक से दानपात्र ले जाते हुए दिखाई दिए। महंत के मुताबिक दानपात्र में करीब 50 से 60 हजार रुपये थे। शिकायत मिलने के बाद हथीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाघोट गांव निवासी दीपक और मर्रोली गांव निवासी अर्जुन के रूप में हुई है। अदालत ने दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की। पुलिस ने दानपात्र का टूटा हुआ ताला और ताला तोड़ने में इस्तेमाल ईंट भी जब्त की। रिमांड खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Source: Source