पलवल जिले में गेस्ट टीचर्स ने अपनी मांगों को लेकर मंत्रियों और विधायकों को ज्ञापन सौंपे। यह अभियान प्रदेशभर में चलाया जा रहा है। शिक्षकों ने हरियाणा सरकार से हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार नियमित करने की मांग की। अतिथि अध्यापक नेता पारस शर्मा के अनुसार, शिक्षक करीब 20 वर्षों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों की तुलना में करीब एक-तिहाई वेतन मिल रहा है। गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन ने हाईकोर्ट के डबल बेंच के फैसले का भी हवाला दिया। संघ के अनुसार, फैसले में अतिथि अध्यापकों को दो महीने के भीतर नियमित करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षकों ने सरकार से अदालत के आदेश पर जल्द अमल करने की मांग की। उन्होंने मंत्रियों और विधायकों से आगामी विधानसभा सत्र में यह मुद्दा उठाने की अपील की। पृथला विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया ने मांगों को विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया। हथीन विधायक इसराईल चौधरी को भी ज्ञापन सौंपकर समर्थन मांगा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अतिथि अध्यापक और अध्यापिकाएं मौजूद रहे।

Source: Source