पेंड्रा के डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय महाविद्यालय में प्राचार्य की अनुपस्थिति को लेकर छात्रों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य की तस्वीर के साथ ‘लापता’ के पोस्टर लगाए और नाराजगी जताई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्राचार्य नियमित रूप से महाविद्यालय नहीं आते। खासकर भोजन अवकाश के बाद भी उनके समय पर नहीं पहुंचने से कॉलेज का काम प्रभावित हो रहा है, जिससे शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं बिगड़ रही हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि हाल ही में दो आंतरिक परीक्षाओं के बजाय सिर्फ एक परीक्षा ली गई। छात्रों के विरोध के बाद अब ऑनलाइन आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा कराई जा रही है। इसके अलावा प्रवेश, छात्रवृत्ति, परीक्षा फॉर्म और दूसरे जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के लिए छात्रों को रोज कॉलेज के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन प्राचार्य के नहीं मिलने से उनके काम अटक रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के पेंड्रा जिला संयोजक श्रेयांश पांडेय ने कहा कि प्राचार्य की लगातार अनुपस्थिति से छात्र परेशान हैं और उन्हें प्राचार्य को ढूंढने के लिए पोस्टर तक लगाने पड़ रहे हैं। नगर मंत्री आदित्य चतुर्वेदी ने कहा कि अगर जल्द ही प्राचार्य की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई और कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में नगर मंत्री आदित्य चतुर्वेदी, सह मंत्री नील नामदेव, अमित यादव, आशीष वासुदेव समेत एबीवीपी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Source: Source