सोनीपत की सत्र अदालत ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने के मामले में आरोपी प्रवीण कुमार की दूसरी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह की अदालत ने आदेश जारी करते हुए कहा कि भोले-भाले लोगों से ठगी के अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिन पर सख्ती से अंकुश लगाना जरूरी है। यह मामला सोनीपत साइबर क्राइम थाने में 17 जुलाई 2026 को दर्ज एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340 और 61 के तहत केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता बलराम शर्मा के अनुसार, शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम आरोपियों के बैंक खाते में जमा कराई गई। इस मामले में पलवल के लाइनपुरा मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल जिला जेल ग्वालियर में बंद है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता उमेश दहिया ने कहा कि आरोपी 11 अगस्त 2026 से जेल में है और उससे कोई बरामदगी नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि खाते में रकम आने से पहले आरोपी कंपनी छोड़ चुका था और शिकायतकर्ता के साथ उसका समझौता भी हो गया है। वहीं, लोक अभियोजक मुकेश कुमार और जितेंद्र कुमार ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि खाते में बड़ी रकम जमा हुई है, आरोपी के खिलाफ अन्य शिकायतें भी हैं और मामले में कई सह-आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। अदालत ने सह-आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी होने के आधार पर जांच प्रभावित होने की आशंका को महत्वपूर्ण माना। समझौते के दावे पर सत्र न्यायाधीश ने कहा कि इस पर ट्रायल के चरण में ही विचार किया जा सकता है। अदालत ने मामले के गुण-दोष पर टिप्पणी किए बिना आरोपी की दूसरी नियमित जमानत याचिका को आधारहीन मानते हुए खारिज कर दिया।

Source: Source