फरीदाबाद के सराय थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की 19 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती ने होटल के कमरे में कथित तौर पर चूहे मारने की दवा खाकर जान दे दी। वह अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ सोमवार से होटल में ठहरी हुई थी। घटना के बाद से युवक लापता है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। मृतका की पहचान अर्चना (19) के रूप में हुई है, जो गांव कुरैशीपुर की गांधी कॉलोनी की रहने वाली थी और दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के मुताबिक, अर्चना सोमवार सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। सोमवार को करीब तीन बजे तक उसकी परिवार के सदस्यों से फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने उससे संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अर्चना का कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार सुबह परिजनों ने पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। इसके कुछ घंटे बाद पुलिस ने उन्हें एक युवती का शव होटल में मिलने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अर्चना के रूप में की। सराय थाना पुलिस के मुताबिक, कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम होटल पहुंची। होटल स्टाफ चेकिंग के लिए कमरे का दरवाजा खोलने पहुंचा तो युवती बेड पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली, जिसके मुंह से झाग निकल रहे थे। पुलिस को आशंका है कि उसने चूहे मारने की दवा खाई थी। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, अर्चना विपिन यादव नाम के युवक के साथ सोमवार से होटल में ठहरी हुई थी और घटना के बाद से विपिन का कोई पता नहीं है। पुलिस उसकी तलाश और सुसाइड नोट की जांच कर रही है। थाना प्रभारी राकेश के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। Source: Source Post navigation अनंत सिंह की बेटी के कार्यक्रम से लौट रहे BJP विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, दो फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त