रेवाड़ी जिले के बावल में फैक्ट्री में आग लगने से चार श्रमिकों की मौत और धारूहेड़ा में बैटरी ब्लास्ट से हुए नुकसान के मामले में जिला प्रशासन और फायर विभाग ने अब तक हरियाणा मानवाधिकार आयोग को अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। आयोग के 12 अगस्त के आदेश के बावजूद रिपोर्ट नहीं मिलने पर अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने कड़ा रुख अपनाया है। 18 नवंबर को जारी आदेश में उपायुक्त रेवाड़ी और फायर स्टेशन अधिकारी को अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पहले अपनी रिपोर्ट जमा कराने के निर्देश दिए हैं। यह मामला गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश खरखड़ा की शिकायत पर शुरू हुआ था। उन्होंने बावल और धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्रों में हुई आगजनी की घटनाओं को उठाते हुए फैक्ट्रियों में श्रमिकों की सुरक्षा, अग्निशमन इंतजाम और हादसों के बाद विभागों की जवाबदेही तय करने की मांग की थी। शिकायत पर आयोग ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी थी। 19 मई 2026 को आईएमटी बावल के सेक्टर-5 स्थित एम/एस जीएलएस स्पेशियलिटी केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड में भीषण आग लग गई थी। हादसे में चार श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे। इतने गंभीर हादसे के बावजूद उपायुक्त और फायर विभाग की रिपोर्ट आयोग में जमा नहीं हुई। अब आयोग ने दोनों अधिकारियों को दोबारा रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी की 30 अक्टूबर को आयोग को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, बावल थाने में इस हादसे के संबंध में एफआईआर नंबर 108, 109 और 110 दर्ज की गई थीं, जिनकी जांच अभी जारी है। आयोग ने एसपी को जांच में तेजी लाने और अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पहले कार्रवाई रिपोर्ट देने को कहा है। धारूहेड़ा में बैटरी ब्लास्ट से फैक्ट्री को नुकसान की घटना में किसी श्रमिक के मौत या घायल होने की सूचना नहीं थी, लेकिन फैक्ट्री की संपत्ति और मशीनरी को नुकसान पहुंचा था। केमिकल फैक्ट्री हादसे में 21 अगस्त 2026 को रेवाड़ी की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में चालान पेश किया जा चुका है और इस मामले की अगली सुनवाई 20 मार्च 2027 को निर्धारित है। मानवाधिकार आयोग ने पूरे मामले की अगली सुनवाई 17 मार्च 2027 को तय की है, अब उपायुक्त और फायर विभाग को इससे कम से कम एक सप्ताह पहले अपनी रिपोर्ट देनी होगी। चार श्रमिकों की मौत के बाद भी प्रशासनिक रिपोर्ट लंबित रहने से औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा और विभागों की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।

Source: Source