हरियाणा में पानी के दुरुपयोग को रोकने और इसके उचित प्रबंधन को लेकर निरंतर सवाल खड़े होते रहे हैं। कई जिलों में शहरों व ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी की कमी, दुरुपयोग और उपलब्धता की कमी के मामले सामने आते रहे हैं। इसी कड़ी में सामने आया है कि हरियाणा में भाजपा सरकार पीने के पानी के दुरुपयोग व नियमों तोड़ने वालों के खिलाफ कानून लाने जा रही है। प्रदेश लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीडब्ल्यूडी) मंत्री रणबीर गंगवा ने चंडीगढ़ में उनके आवास पर दैनिक भास्कर से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार पानी के उचित प्रबंधन व इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए कानून लाने जा रही है, जिसके तहत पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। बिसलेरी कंपनी के पानी में कैंसर के संभावित तत्व पाए जाने के कथित मामले को लेकर रणबीर गंगवा ने कहा कि अभी विभाग मामले पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ी तो इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे। कांग्रेस पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है। कांग्रेस मुद्दाविहीन पार्टी है और लोगों ने उसे नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए देश को इमरजेंसी में झोंक दिया था और अब वे सुप्रीम कोर्ट व चुनाव आयोग के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं, जो अनुचित है।

Source: Source