फरीदाबाद के अमृता विश्व विद्यापीठम परिसर में चल रहे सातवें विश्व भूस्खलन मंच (WLF-7) में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में सड़क बनाना जरूरी है, लेकिन इसके साथ पहाड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी हमारी जिम्मेदारी है। सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा से कभी समझौता नहीं किया जाना चाहिए। गडकरी ने कहा कि केवल वीडियो और प्रस्तुतियों तक सीमित रहने के बजाय समाधान विकसित करने और उनके मापने योग्य परिणाम हासिल करने पर ध्यान देना होगा। सरकार के अधिकारियों, उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों के बीच संवाद और ज्ञान का आदान-प्रदान होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल तकनीकों और कार्यप्रणालियों से सीखकर नई तकनीक अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजनाओं की सफलता के लिए सटीक और वैज्ञानिक आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करना जरूरी है। इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसियों और तकनीकी संस्थानों के साथ मिलकर काम करना चाहिए। परियोजनाएं जलवायु के अनुकूल और विज्ञान आधारित होनी चाहिए, ताकि प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को कम किया जा सके। गडकरी ने कहा कि आपदा आने से पहले जांच और उसकी रोकथाम पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय से सम्मेलन के समापन के बाद विशेषज्ञों के सुझावों और सिफारिशों के साथ विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मंत्रालय को सौंपने को कहा। इन सुझावों का उपयोग भविष्य की नीतियां बनाने में किया जाएगा। गौरतलब है कि यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पहली बार भारत और दक्षिण एशिया में आयोजित हो रहा है। इसमें 75 देशों से 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। वैज्ञानिक, इंजीनियर, नीति निर्माता और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ भूस्खलन से बचाव के उपायों पर मंथन कर रहे हैं। सम्मेलन 27 नवंबर तक चलेगा। Source: Source Post navigation पोखरण में माइक्रो-मिसाइल सिस्टम JWALA MK-1 का सफल परीक्षण, भारत का पहला ऑटोनॉमस CUAS सिस्टम पहलगाम हमले से पहले चीनी सैटेलाइट ने 37 बार बदली कक्षा, दिगंतारा की रिपोर्ट में सामने आई असामान्य गतिविधि