बेमेतरा जिले में दीपावली के बाद मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व परंपरागत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा-अर्चना की गई। बेमेतरा के नवीन मार्केट में यादव समाज ने हर साल की तरह इस वर्ष भी गोबर से गोवर्धन पर्वत का स्वरूप तैयार कर विधि-विधान से पूजा की और इसके बाद सजी-धजी गायों को गोवर्धन पर्वत के ऊपर से गुजारा गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गोवर्धन का तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया। गायों को सजाकर खिचड़ी और पीठा खिलाया गया, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन में शामिल गेमेंद्र साहू ने बताया कि गोवर्धन पूजा की परंपरा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, गौसेवा और आस्था से जुड़ी है और मान्यता है कि गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसी वजह से गोवर्धन पूजा के दिन गायों को सजाकर उनकी पूजा की जाती है। यादव समाज के लोगों ने बताया कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है और वे इसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं।

Source: Source