रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सहदेव को ओडिशा के पुरी जिले के अस्तरंग थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। आरोपी ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक बताकर विधायक से पैसे मांगे थे। उसने कहा था कि संबलपुर के जंगल में गाड़ी फंस गई है और डीजल खत्म हो गया है। विधायक ने भरोसे में अपने सेवक के जरिए पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुल 10 हजार रुपए ठग लिए गए। इसके बाद आरोपी ने दोबारा पैसे मांगे, जिससे शक हुआ और मामले की जांच करने पर ठगी का पता चला। खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया। आरोपी उड़िया टोन में बात कर रहा था और पीछे बच्चों की आवाज भी सुनाई दे रही थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की ठगी की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। गौरतलब है कि हाल ही में रायपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक से भी मोबाइल लूट की घटना हुई थी। कांग्रेस ने लगातार ऐसी घटनाओं को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल आरोपी को रायपुर लाया गया है और पुलिस पूरे मामले का खुलासा करने की तैयारी में है।

Source: Source