लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रंजीत कौर उर्फ भाभी चुम्मेवाली के पति और बेटी की पिटाई के मामले में थाना मोती नगर की पुलिस ने 3 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। रंजीत कौर की बेटी शिवानी हंस की शिकायत पर पुलिस ने उसके चाचा-चाची और चचेरे भाई पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में शिवानी हंस निवासी नूरी ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को जब उसके चाचा सुरिंदर पाल सिंह ने उसके साथ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया और उसने रोका तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके मुंह पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसके चचेरे भाई मनीष हंस ने उसके बाल खींचे और चाचा ने उसकी मां रंजीत कौर के साथ भी गाली-गलौज व मारपीट की तथा उनके बाल खींचे। इसी दौरान उसकी चाची करमजीत कौर भी वहां आ गई और उसने शिवानी को धक्का मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई और फिर चाची व चचेरे भाई ने उसे गिराकर लात-घूंसे मारे। शिवानी ने बताया कि जब उसके पिता जतिंदर पाल सिंह मौके पर पहुंचे तो चाचा ने उनके साथ भी गाली-गलौज व मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं। थाना मोती नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुरिंदर पाल सिंह, मनीष हंस और करमजीत कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। रंजीत कौर ने आरोप लगाया कि उन्हें गली में दौड़ाया गया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास है, जबकि रंजीत के देवर सुरिंदरपाल ने कहा कि उन्होंने भी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है और घर में हर समय धूप-अगरबत्ती जलाने को लेकर विवाद हुआ था।

Source: Source