भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 34 साल के मजदूर की मौत हो गई। हादसा 30 अक्टूबर की रात पीआईईसी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी परिसर में हुआ, जब मजदूर क्रेन की मदद से ट्रेलर पर सामान लोड कर रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन तार टूटकर ट्रेलर पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से किशन महतो गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक किशन महतो खुर्सीपार के गौतम नगर वार्ड-42 का रहने वाला था और पिछले 6-7 साल से कंपनी में काम कर रहा था। घटना के बाद शनिवार सुबह परिजनों ने कंपनी के बाहर हंगामा किया और आरोप लगाया कि हादसे के बाद किशन करीब 20 मिनट तक तड़पता रहा तथा उसे समय पर इलाज और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलीं। परिजनों ने यह भी कहा कि काम के दौरान उसके पास सुरक्षा के जरूरी उपकरण नहीं थे। विवाद बढ़ने की सूचना पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन व परिजनों के बीच बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। कंपनी ने मृतक के पिता, पत्नी और बच्चों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने तथा पत्नी सुमन महतो को बच्चों के पालन-पोषण व पढ़ाई के लिए हर महीने 15 हजार रुपये देने का फैसला किया। कंपनी के मैनेजर जय कुमार जैन ने बताया कि आपसी सहमति से यह समझौता हुआ और कंपनी में मजदूरों को सुरक्षा के लिए हेलमेट व जूते दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि तार टूटने की आवाज सुनकर कर्मचारी बाहर निकले और ट्रेलर को बाहर निकालकर किशन को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, हालांकि तार टूटने की वजह की जानकारी उन्हें नहीं है। Source: Source Post navigation पंचकूला स्कूल में बच्ची से मारपीट के बाद हंगामा: अभिभावकों की भीड़ के चलते बंद हुआ गेट, मानव अधिकार आयोग की टीम पहुंची; पुलिस ने मांगी डॉक्टरों-मनोवैज्ञानिकों की राय छत्तीसगढ़ DMF घोटाले में ED का बड़ा एक्शन: 31.70 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क, 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल