यमुनानगर की पश्चिमी यमुना नहर में कार्तिक स्नान के दौरान डूबी 55 वर्षीय ममता रानी का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला है। रविवार सुबह बाड़ी माजरा पुल के पास स्नान के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गई थी। उसका बेटा उसे बचाने की कोशिश करते हुए कुछ दूर तक उसके साथ बहा, लेकिन तेज बहाव में उसका हाथ छूट गया। गोताखोर अब तक करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र खंगाल चुके हैं, लेकिन महिला का पता नहीं चला। परिजन नहर के किनारे अलग-अलग स्थानों पर नजर रखे हुए हैं। गोताखोरों के अनुसार शव दो से तीन दिन में सतह पर आ सकता है। तेज बहाव और गहराई के कारण तलाश अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ममता आईटीआई के समीप अमरपुरी कॉलोनी की निवासी थी।

Source: Source