हरियाणा के रेवाड़ी जिले में कोसली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में वर्ष 2024 में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के कोंडरा गांव निवासी सतेंद्र उर्फ सिट्टू के रूप में हुई है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसे अलीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। सीआईए कोसली पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। यह चोरी 28 दिसंबर 2024 की रात हुई थी, जब चोरों ने बैंक परिसर के बगल की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आरोपियों ने गैस कटर की मदद से बैंक के स्ट्रांग रूम और गन बॉक्स को काटने का प्रयास किया, लेकिन वे नकदी या अन्य संपत्ति चुराने में सफल नहीं हुए। हालांकि, चोर बैंक से तीन लेजर प्रिंटर, चार बड़ी बैटरियां और एक सीसीटीवी डीवीआर चुरा ले गए थे। घटना के अगले दिन बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कोसली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनके कब्जे से दो बैटरियां, एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एलपीजी सिलेंडर, एक कटर और एक प्रिंटर बरामद किए जा चुके हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सतेंद्र उर्फ सिट्टू आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के विभिन्न थानों में दुष्कर्म तथा मारपीट जैसे गंभीर मामलों में भी केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की वारदात में उसकी भूमिका और अन्य तथ्यों का पता लगा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source: Source