मॉडल टाउन इलाके में रील बनाने गए 23 वर्षीय युवक को खाली प्लॉट में ले जाकर पीटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता चेत सिंह नगर निवासी विकी ने पुलिस को बताया कि 18 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे वह दोस्तों के साथ फौजी ढाबे के सामने डी-ब्लॉक में वीडियो बनाने गया था। आरोप है कि वहां मौजूद शिवम उसे बहाने से पास के खाली प्लॉट में ले गया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान उसके सिर पर चोट लगी और खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मनी और हनी निवासी दाना मंडी तथा शिवम निवासी मोहल्ला डॉ. अंबेडकर नगर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Source: Source