संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का 25 नवंबर को यमुनानगर जिले में भव्य स्वागत किया जाएगा। जिले की छत्तीस बिरादरी के लोग एकजुट होकर कलानौर बॉर्डर पर यात्रा का स्वागत करेंगे। इसे लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर ने प्रेसवार्ता में यात्रा के कार्यक्रम की जानकारी दी। कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे यात्रा कलानौर बॉर्डर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेगी। यहां हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा महाराणा प्रताप चौक यमुनानगर पहुंचेगी, जहां विधायक घनश्यामदास अरोड़ा और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा के नेतृत्व में स्वागत होगा। इसके बाद यात्रा जगाधरी बस स्टैंड होते हुए पुरानी कचहरी स्थल पहुंचेगी। यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर और वरिष्ठ भाजपा नेता रिशिपाल इंजीनियर के नेतृत्व में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा थाना छप्पर पहुंचेगी, जहां पूर्व विधायक बलवंत सिंह के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि सभी स्वागत स्थलों पर बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, भाजपा पदाधिकारियों और सर्व समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में आपसी प्रेम, समानता तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में करीब 124 करोड़ रुपये की लागत से गुरु रविदास धाम और 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी संत गुरु रविदास महाराज की विरासत को संजोने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित करीब 2 हजार 402 किलोमीटर लंबी समरसता संकल्प यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर तक जाएगी। यमुनानगर के बाद यात्रा अंबाला और कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। इसके बाद 26 नवंबर को करनाल, पानीपत और सोनीपत तथा 28 नवंबर को फरीदाबाद और पलवल में कार्यक्रम होंगे। कंवरपाल गुर्जर ने जिले के सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, संत समाज, युवाओं, महिलाओं और छत्तीस बिरादरी के लोगों से 25 नवंबर को कलानौर पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने की अपील की। Source: Source Post navigation झारखंड के 3,044 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, 500 को दुबई-UAE में नौकरी; CM हेमंत सोरेन ने कही बड़ी बात कोरबा में रजनीश सिंह बोले- धान छोड़ दूसरी फसल उगाने पर मिलेगा 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन