नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर सफाई कर्मचारियों को दीपावली से पहले 525 रुपये की उपहार राशि और मिठाई देने तथा अक्टूबर माह का वेतन 6 नवंबर तक भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग ने पत्र जारी कर सफाई कर्मचारियों का वेतन समय पर देने के निर्देश तथा दीपावली पर 525 रुपये की टोकन राशि और मिठाई देने की सिफारिश करते हुए कहा है कि कम से कम दीवाली के मौके पर तो सरकार उपहार राशि और मिठाई पर आनाकानी न करे। नगर पालिका कर्मचारी संघ के अनुसार इसके बावजूद संघ को शिकायतें मिल रही हैं कि नगरपालिकाओं, नगर परिषदों, नगर निगमों तथा अन्य सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों एवं विश्वविद्यालयों के अधिकारी आयोग के पत्र के अनुसार लाभ देने से इनकार कर रहे हैं, जो कतई उचित नहीं है। संघ का दावा है कि हरियाणा में पक्के और कच्चे करीब 50 हजार सफाई कर्मचारी हैं, जिनको फिलहाल तक लाभ से वंचित रखा गया है। संघ ने मांग की है कि सभी शहरी स्थानीय निकायों को तत्काल स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। नियमित, पालिका रोल, दैनिक वेतनभोगी, हरियाणा कौशल रोजगार निगम, अनुबंधित, डोर-टू-डोर, अंशकालिक एवं ठेकेदारों के माध्यम से कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को दिवाली उपहार व अन्य लाभ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी नियमित, अनियमित, डोर-टू-डोर, सीवर एवं सफाई ठेकों में लगे कर्मचारियों का वेतन भी 6 नवंबर से पहले देना सुनिश्चित करवाया जाए। संघ ने सीवरमैन सहित निकायों के अन्य कर्मचारियों को भी यह लाभ देने की मांग की है। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों और संस्थानों को स्वच्छ रखने के लिए लगातार मेहनत करते हैं। त्योहार के अवसर पर उन्हें समय पर वेतन और उपहार राशि देने में टालमटोल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विभाग से मांग की कि राज्य सरकार से अन्य सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों एवं विश्वविद्यालयों में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया जाए, ताकि कर्मचारी अपने परिवारों के साथ सम्मानपूर्वक दीपावली मना सकें।

Source: Source