मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकारी तंत्र और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार व लापरवाही के खिलाफ अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। गुरुग्राम में आयोजित ग्रीवांस कमेटी की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर मीटिंग का एक वीडियो साझा कर प्रदेश के सभी अधिकारियों को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए लिखा- सुधर जाओ। यह वीडियो ग्रीवांस कमेटी की बैठक का है, जहां मुख्यमंत्री ने एक खराब सड़क की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को सरेआम फटकार लगाई थी और मौके पर ही उनकी एक महीने की सैलरी काटने के निर्देश दिए थे। अब इस वीडियो को जारी कर मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के प्रशासनिक अमले को एक बड़ा और स्पष्ट संदेश दे दिया है। वीडियो में मुख्यमंत्री एक्सईएन से पूछते हैं कि इस सड़क को कौन देख रहा है। एक्सईएन के जवाब पर वे कहते हैं कि आपने क्या देखा है, सड़क चमकी नहीं है। इस पर एक्सईएन दोबारा करवाने की बात कहता है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि इसके खिलाफ कार्रवाई कर दो, एक महीने की सैलरी काट दो। अगली बार ऐसा हुआ तो टर्मिनेट कर देंगे। बहुत लड़के हैं पीछे। आपको नौकरी मिल गई है, आपकी जिम्मेदारी है काम करने की। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्वालिटी के अंदर मैं समझौता नहीं करूंगा। सुधार कर लो, कभी ठेकेदार के चक्कर में मत पड़ना। ठेकेदार के ऊपर अगर वो गलत काम करेगा, एफआईआर करके उसकी प्रॉपर्टी कुर्क करेंगे। ये सुनिश्चित करना आप लोगों की जिम्मेदारी है। कभी उससे सांठ-गांठ मत कर लेना, हमने काम लेना है उससे। नौकरी मिली है तो जिम्मेदारी समझें।

Source: Source